नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी के व्यापारियों से डेढ़ करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर गुना जेल में भेजा गया
शहर के कैंट थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी नानाखेड़ी में आधा दर्जन से अधिक गल्ला व्यापारियों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऊंचे दामों पर कृषि उपज खरीदने का झांसा देकर एक ठग ने व्यापारियों को लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगा दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड (पीआर) पर लिया है।
मंडी भाव से अधिक दाम का दिया लालच, ऐसे बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील पुत्र शंकर पंवार निवासी सोलापुर, महाराष्ट्र पिछले 5-6 महीनों से गुना में रहकर मंडी में व्यापार कर रहा था। इस दौरान उसने स्थानीय व्यापारी महेंद्र कुशवाह से संपर्क साधा। महेंद्र कुशवाह की मौखिक गारंटी पर अन्य व्यापारियों ने भी आरोपी पर भरोसा कर लिया। आरोपी सुनील मंडी के व्यापारियों से सीधे माल खरीदता था। बाद में वही माल बाहर कम दामों में बेचकर व्यापारियों के पैसे हड़प लेता था। अधिक मुनाफे के लालच में आकर लगभग 8 से 10 व्यापारी इस ठगी का शिकार हो गए।
कैंट पुलिस की कार्रवाई, 19 लाख रुपये कराए फ्रीज
कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि पीडि़त व्यापारी महेंद्र कुशवाह की शिकायत पर आरोपी सुनील पंवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड हासिल किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक 19 लाख रुपये की राशि खातों में फ्रीज करा दी है। इस रैकेट में शामिल अन्य सह-आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिस व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है, उसी ने आरोपी की गारंटी लेकर अन्य व्यापारियों से संपर्क कराया था, जिससे अब कई व्यापारी लाखों रुपये के नुकसान में आ गए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)