चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर राष्ट्र ने किया नमन, पीएम मोदी बोले— अन्याय के खिलाफ अडिग संकल्प ही सच्चा पराक्रम
नई दिल्ली (आरएनआई)। अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर पूरे देश ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ अडिग रहने का संकल्प ही सच्चा पराक्रम है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और मातृभूमि के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि भारत माता के वीर सपूत चंद्रशेखर आजाद ने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और साहस की गाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि अमर क्रांतिकारी का जीवन यह सिखाता है कि अन्याय के विरुद्ध दृढ़ संकल्प के साथ खड़े रहना ही सच्ची वीरता है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया — “न हि शौर्यात्परं किञ्चित् त्रिषु लोकेषु विद्यते। शूरः सर्वं पालयति सर्वं शूरे प्रतिष्ठितम्।” — जिसका आशय है कि तीनों लोकों में शौर्य से बढ़कर कोई तत्व नहीं है और शौर्य ही समस्त सृष्टि के संरक्षण और मर्यादा का आधार है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘एक्स’ पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जीवन की अंतिम सांस तक ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध वीरतापूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने काकोरी कांड और हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के गठन में आजाद की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन स्वाधीनता के लिए समर्पित रहा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी महान क्रांतिकारी को नमन करते हुए उनका प्रसिद्ध वाक्य “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आजाद ही रहे हैं, आजाद ही रहेंगे” साझा किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले चंद्रशेखर आजाद का त्याग और तेजस्वी व्यक्तित्व युगों-युगों तक राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)