कासगंज में प्रशिक्षु विमान क्रैश: सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, घबराई महिला पायलट बोलीं— 'प्लीज, मेरा वीडियो मत बनाइए'
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से उड़ान भरने वाला एक प्रशिक्षु विमान सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण कासगंज में निर्माणाधीन बरेली-मथुरा सिक्स लेन हाईवे के किनारे पुलिस लाइन के पीछे इमरजेंसी लैंडिंग के प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान उड़ा रही प्रशिक्षु महिला पायलट कायनात खान घायल हो गईं, लेकिन उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद एविएशन कंपनी से संपर्क टूट गया और विमान निर्धारित मार्ग से भटक गया। इसके बावजूद पायलट ने घबराने के बजाय कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए आबादी वाले क्षेत्र के ऊपर दो से तीन चक्कर लगाए और सुरक्षित स्थान की तलाश की। इसके बाद उन्होंने विमान को आबादी से दूर निर्माणाधीन हाईवे की ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास किया, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।
हालांकि, लैंडिंग के दौरान विमान बिजली के तारों की चपेट में आ गया, जिससे वह हाईवे पर सुरक्षित उतरने के बजाय सड़क किनारे मिट्टी में क्रैश हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची एविएशन कंपनी की टीम ने बताया कि विमान में करीब एक घंटे का ईंधन था। विमान की लोकेशन लंबे समय तक नहीं मिलने से कंपनी में चिंता का माहौल बन गया था। अब दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
दुर्घटना के बाद पायलट का मोबाइल विमान के भीतर ही रह गया। तलाशी के दौरान दमकल विभाग की टीम को विमान से फर्स्ट एड बॉक्स और पायलट के प्रमाणपत्र मिले, जिन्हें बाद में प्रशासन ने एविएशन कंपनी की टीम को सौंप दिया। मोबाइल की तलाश जारी रही।
हादसे के तुरंत बाद जब घायल पायलट विमान से बाहर निकलीं तो आसपास मौजूद कुछ लोग उनका वीडियो बनाने लगे। इस दौरान बेहद घबराई हुई पायलट ने हाथ जोड़कर लोगों से कहा, **"प्लीज, मेरा वीडियो मत बनाइए।"** उनकी स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने वीडियो बनाना बंद कर दिया और तुरंत पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना देकर उनकी मदद की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)