स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, वीरता और बलिदान को किया नमन

Saturday, August 15, 2026 - 17:50
0
स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, वीरता और बलिदान को किया नमन

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अदम्य साहस दिखाने वाले वीर सैनिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बलिदानी परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इन परिवारों के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया।

समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट और शौर्य चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एचएस मोहिंद्रा को सम्मानित किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी मुख्यमंत्री ने सम्मान प्रदान किया।

इसके अलावा ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल, ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी और नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ के शहीद रक्षाराम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और शहीद लांस नायक बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को भी सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों को नमन किया तथा उनके योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User