दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी, पारा 40 के पार; लू का यलो अलर्ट जारी

Monday, April 27, 2026 - 13:40
0
दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी, पारा 40 के पार; लू का यलो अलर्ट जारी

नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां आसमान से मानो आग बरस रही है। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन लू का प्रकोप जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में दिन के साथ-साथ रातें भी अब तपने लगी हैं। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे जैसे शहर भट्टी में तब्दील हो गया हो। रात में भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लगातार पांच दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तीन दिनों में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। फिर तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। फिलहाल अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी के कई इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है और यह लगातार तीसरा दिन है जब लोग इसके प्रभाव को झेल रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर पूर्वी हवाओं के असर से 28 अप्रैल से लू की तीव्रता में कमी आ सकती है।
मंगलवार से मौसम में बदलाव के आसार हैं। दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान घटकर 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User