वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र की गलियों में FSDA की छापेमारी, पेड़ा दुकानों से लिए गए नमूने
वृंदावन। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की। शनिवार को मंदिर के गेट नंबर-1 और 2 की गलियों में स्थित पेड़ा दुकानों पर विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह और दलवीर सिंह की टीम ने दुकानों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध खाद्य पंजीकरण के संचालित दुकानों पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर कुछ प्रमुख दुकानों से पेड़ा के नमूने भी एकत्र किए। इनमें गेट नंबर-1 के सामने स्थित मुरली मनोहर मिष्ठान भंडार और लाला भइया पेड़े वाले शामिल हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह ने बताया कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)