23वें दिन भी जारी छात्रों का आंदोलन, भूख हड़ताल पर प्रेम नायक बोले- ‘हालात गंभीर, सरकार नहीं ले रही सुध’
रांची। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी की कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 23वें दिन भी जारी रहा। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि भूख हड़ताल का आज 13वां दिन है।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र प्रेम नायक ने सरकार पर आंदोलन को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। उन्होंने अपनी बिगड़ती तबीयत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें पिछले दिन से बुखार है और उनकी स्थिति गंभीर होती जा रही है। इलाज के लिए ले जाने की कोशिश किए जाने के बावजूद उन्होंने आंदोलन स्थल छोड़ने से इनकार कर दिया।
प्रेम नायक ने दावा किया कि सरकार आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी देवेंद्र नाथ महतो को इलाज के लिए ले जाया गया है और उन्हें वापस आंदोलन स्थल पर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर छात्रों के बीच चर्चा भी जारी है। मुख्यमंत्री आवास के घेराव के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। वहीं, प्रेम नायक ने इसे लेकर ‘जेल भरो आंदोलन’ को अधिक प्रभावी विकल्प बताया। स्कूल-कॉलेज बंद कराने समेत अन्य विकल्पों पर भी छात्रों के बीच चर्चा होने की बात सामने आई है।
छात्र जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)