हरदोई में 28 से 30 मई तक तेज आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
हरदोई(आरएनआई)। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद हरदोई में 28 मई 2026 को 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने तथा झोंकों में इसकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ आकाशीय बिजली और वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 29 और 30 मई 2026 को मौसम और अधिक खराब रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। साथ ही आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के क्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दीपाली भार्गव ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और आवश्यक बचाव उपाय अपनाने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि संभावित आपदा के दौरान जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए लोग पहले से आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना और संभावित जनहानि से बचा जा सके।
प्रशासन ने किसान भाइयों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि भारी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान स्वयं सुरक्षित रहें तथा फसलों एवं कृषि उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखकर नुकसान से बचाने का प्रयास करें।
इन सावधानियों का पालन करने की अपील
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि तेज हवा, बारिश और बिजली चमकने के समय बड़े पेड़ों के नीचे तथा कच्चे मकानों में शरण लेने से बचें। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, कच्ची दीवारों और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। दुपहिया और चार पहिया वाहन बिजली के खंभों के नीचे खड़े न करें। बड़े होर्डिंग्स, विद्युत तारों और ट्रांसफार्मरों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
इसके अलावा मोबाइल, इन्वर्टर और अन्य बैटरी संचालित उपकरणों को पहले से चार्ज रखने, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने तथा आपात स्थिति में टॉर्च और रेनकोट का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
दामिनी और सचेत ऐप डाउनलोड करने की सलाह
जिला प्रशासन ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वज्रपात की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और हरदोई में भी पूर्व में आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि हो चुकी है। ऐसे में लोगों को “दामिनी ऐप” अपने मोबाइल में डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। यह ऐप Ministry of Earth Science और Indian Institute of Tropical Meteorology, Pune के सहयोग से संचालित है, जो लगभग 20 किलोमीटर क्षेत्र में संभावित बिजली गिरने की चेतावनी करीब चार घंटे पहले उपलब्ध कराता है। इसके अतिरिक्त मौसम संबंधी अलर्ट प्राप्त करने के लिए “सचेत ऐप” के उपयोग की भी अपील की गई है।
आंधी-तूफान के दौरान क्या करें और क्या न करें
प्रशासन ने लोगों से टिन की छत, होर्डिंग, क्षतिग्रस्त मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और मोबाइल टावरों से दूर रहने की अपील की है। घरों के बाहर रखी भारी वस्तुओं को बांधकर सुरक्षित करने तथा यात्रा के दौरान मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है।
साथ ही लोगों को धारदार और नुकीली वस्तुएं खुले में न रखने तथा किसी भी स्थिति में पेड़ों के नीचे शरण न लेने की चेतावनी दी गई है।
यह एडवाइजरी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरदोई द्वारा जनहित में जारी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)