नवोदय विद्यालय में छात्रों के खाने में मिला मरा मेंढक, भोजन करने से किया इंकार; दोबारा बनवाया गया खाना
धनेवा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रविवार दोपहर छात्रों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने के बाद छात्रों ने खाना खाने से इंकार कर दिया और भोजन छोड़कर अपने कमरों में लौट गए।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के मेन्यू के मुताबिक रविवार दोपहर छात्रों के लिए चने की सब्जी और पूड़ी तैयार की गई थी। भोजन परोसने के बाद एक छात्र की थाली में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। इसके बाद छात्रों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने भोजन करने से मना कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य धीरज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित सब्जी को नष्ट करवाया और छात्रों के लिए दोबारा भोजन तैयार कराया। इसके बाद छात्रों ने नया भोजन किया।
घटना को लेकर अधिकारियों का कहना है कि यदि भोजन में मरा हुआ मेंढक मिला है तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है। संबंधित अधिकारी ने कहा कि मामले की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं थी और प्राचार्य से पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी।
घटना सामने आने के बाद विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और रसोई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में मरा हुआ मेंढक कैसे पहुंचा और इस मामले में जिम्मेदारी किसकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)