सीडीओ सान्या छाबड़ा का हरियावां ब्लॉक का औचक निरीक्षण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव व शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हरदोई (आरएनआई) मुख्य विकास अधिकारी ने मंगलवार को विकास खंड हरियावां कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सर्वप्रथम खंड विकास अधिकारी कक्ष, स्थापना पटल, शिकायत पटल तथा आवास पटल का अवलोकन किया। विभिन्न पटलों पर अभिलेखों एवं पत्रावलियों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्हें और अधिक सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
उपस्थिति पंजिका एवं भ्रमण पंजिका की जांच करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लॉक से बाहर जाने वाले प्रत्येक कर्मचारी का विवरण भ्रमण पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। साथ ही सेवा पुस्तिकाओं एवं जीपीएफ पासबुक का परीक्षण कर सभी प्रविष्टियों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।

जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
मनरेगा के अंतर्गत आवास लाभार्थियों को 90 दिवस रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य की समीक्षा में प्रगति संतोषजनक न मिलने पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया गया कि 31 मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थियों को निर्धारित 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
एनआरएलएम के अंतर्गत राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, मानदेय भुगतान, समूह गठन एवं बैंक लिंकेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्लॉक परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त ब्लॉक परिसर में उपलब्ध रिक्त भूमि पर वृक्षारोपण कर फलदार एवं फूलदार पौधे लगाने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रत्नेश सिंह, मो. आबिद अली, सर्वेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)