मैनपुरी हादसा: एक रात में उजड़ गया पूरा परिवार, पिता ने दी पत्नी और बच्चों को अंतिम विदाई

Thursday, March 19, 2026 - 21:09
0
मैनपुरी हादसा: एक रात में उजड़ गया पूरा परिवार, पिता ने दी पत्नी और बच्चों को अंतिम विदाई

मैनपुरी (आरएनआई): उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के गांव आठपुरा में हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां एक ही रात में छीन लीं। मंगलवार रात तेज धमाके के साथ कच्ची दीवार और टिन शेड गिरने से एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मां, बेटे और बेटी के शव गांव पहुंचे, तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन शवों से लिपटकर बिलख पड़े। परिवार का मुखिया ब्रजेश अपने इकलौते बेटे, पत्नी और बेटी की लाश देखकर पूरी तरह टूट गया। उसकी हालत देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पांच बहनों के आंसू भी थमने का नाम नहीं ले रहे थे, जिन्होंने एक ही हादसे में अपनी मां, भाई और बहन को खो दिया।

बृहस्पतिवार को खेत में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। दिल दहला देने वाला दृश्य तब सामने आया जब एक पिता ने अपने इकलौते बेटे और बेटी को सीने से अलग कर मिट्टी में सुपुर्द किया और फिर अपनी जीवनसाथी रूबी की चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के बाद भी वह श्मशान स्थल पर देर तक बैठा रहा, मानो उसके जीवन का सब कुछ उसी आग में जलकर खत्म हो गया हो।

बताया जाता है कि ब्रजेश का परिवार भले ही आर्थिक रूप से साधारण था, लेकिन खुशहाल था। वह छह बीघा जमीन और पंचर की छोटी दुकान से जो भी कमाते, उसे बच्चों की परवरिश में लगाते थे। उनका आठ वर्षीय बेटा दिलीप हर शाम पिता का इंतजार करता और रात में उनसे कहानी सुनाने की जिद करता था। लेकिन एक हादसे ने उसकी मासूम दुनिया ही खत्म कर दी।

इस दुर्घटना में परिवार की दो अन्य बेटियां पल्लवी और गुड़िया घायल हो गईं, जिनका उपचार चल रहा है। गांव के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं और हर कोई इस असहनीय पीड़ा को महसूस कर रहा है। यह हादसा न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि उन हालातों की भी याद दिलाता है, जहां कमजोर मकानों में रहने वाले लोग हर पल खतरे के साए में जीते हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User