छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी का हमला, बोले- युवाओं ने सत्ता के सामने खड़े होकर मांगी जवाबदेही
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। 22 अगस्त को महाराष्ट्र के पुणे में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया और युवाओं के आंदोलन की सराहना की।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवाओं ने सरकार के सामने साहस और मजबूती से खड़े होकर जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं ने शांति, मोहब्बत और हंसी-मजाक के साथ अपनी आवाज उठाई है।
राहुल गांधी ने विशेष रूप से छात्र आंदोलनों में शामिल लड़कियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कथित तौर पर बदसलूकी, गाली-गलौज और हिंसा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकेगा।
22 अगस्त को पुणे में होगा कार्यक्रम
राहुल गांधी ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 22 अगस्त को पुणे पहुंचेगा और इस बार कार्यक्रम में केवल लड़कियां शामिल होंगी। उन्होंने कहा, “अब लड़कियां बोलेंगी, देश सुनेगा।”
नीट प्रदर्शनकारियों से भी की बातचीत
राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल रहे पांच युवाओं से बातचीत का वीडियो भी साझा किया। बातचीत के दौरान छात्राओं ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित धमकियों को लेकर अपनी शिकायतें रखीं।
एक छात्रा ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें ‘देशद्रोही’ कहा। वहीं, कुछ छात्राओं ने सोशल मीडिया पर धमकी और गाली-गलौज मिलने का भी आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान कहा कि जब लोग अपने सामने अन्याय होते देखते हैं और फिर भी चुप रहते हैं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने को नागरिकता और राष्ट्रहित से जोड़ते हुए युवाओं के साहस की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)