तमिलनाडु की सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, दर्जनों श्रमिक अस्पताल में भर्ती; मौतों को लेकर विरोधाभासी दावे
तिरुवल्लूर (तमिलनाडु) (आरएनआई) तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम क्षेत्र स्थित एक सीफूड निर्यात इकाई में रविवार को अमोनिया गैस रिसाव की घटना से अफरा-तफरी मच गई। गैस के प्रभाव से बड़ी संख्या में श्रमिकों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें अधिकांश युवा महिला कर्मचारी बताई जा रही हैं। प्रभावित श्रमिकों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना कन्निगाइपैर स्थित एक सीफूड प्रोसेसिंग एवं निर्यात फैक्ट्री में हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनडीआरएफ के जवान विशेष सुरक्षा उपकरणों, गैस डिटेक्शन डिवाइस तथा रासायनिक आपदाओं से निपटने वाले आधुनिक संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रभावित श्रमिकों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए चेन्नई के सरकारी अस्पतालों में रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि कई मरीजों को ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, हालांकि अधिकांश के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद जताई गई है।
घटना को लेकर मौतों की संख्या संबंधी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ रिपोर्टों में सात महिलाओं की मौत की बात कही गई, जबकि एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक ने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए कहा कि उनके अस्पताल में भर्ती सभी मरीज जीवित हैं और उपचाराधीन हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर एस. कविता ने फैक्ट्री और अस्पतालों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को प्रभावित श्रमिकों के समुचित उपचार और राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किए जाने तक लोगों से सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा मानकों और फैक्ट्री प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)