टड़ियावां लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, चार गिरफ्तार

Wednesday, April 8, 2026 - 17:46
Updated: 4 months ago
0

हरदोई (आरएनआई) टड़ियावां क्षेत्र में सर्राफ से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को मुठभेड़ में घायल कर दिया, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पचास लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य सामान बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल की शाम लगभग 6:10 बजे सर्वेश रस्तोगी पुत्र राज बहादुर रस्तोगी निवासी गोपामऊ, थाना टंडियावां ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने पुत्र गौरव रस्तोगी के साथ दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। ग्राम बाजार पुरवा से कुछ पहले पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर तमंचा दिखाया, चाबी छीन ली और डिग्गी में रखा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, क्षेत्राधिकारी हरियावां तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया।

7/8 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी टड़ियावां मय पुलिस बल हरिहरपुर रोड स्थित दधनामऊ पुल पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया। हरिहरपुर रोड ग्राम सराह के निकट घेराबंदी होने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रियांश वर्मा, प्रशांत शुक्ला और तुषार रस्तोगी के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। मौके से सचिन कश्यप को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24,100 रुपये नकद, सोने-चांदी के लगभग पचास लाख रुपये मूल्य के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, तीन तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शातिर लुटेरे हैं और विभिन्न स्थानों पर रेकी कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार उन्होंने टंडियावां की घटना को भी स्वीकार किया है।

घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने थाना टड़ियावां तथा एसओजी/स्वाट सर्विलांस की संयुक्त टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User