गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान से आ रही 70 लाख की डोडाचूरा खेप पकड़ी, ट्रेक्स गाड़ी सहित अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
गुना (आरएनआई) पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत म्याना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में पुलिस ने राजस्थान से मध्य प्रदेश लाई जा रही डोडाचूरा की एक बड़ी खेप को पकड़ा है। इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 70 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्स ट्रेक्स गाड़ी जब्त की है।
जंगल की तरफ भागते तस्कर को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
म्याना थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि फतेहगढ़-बमोरी क्षेत्र की ओर से एक व्यक्ति सफेद रंग की फोर्स ट्रेक्स गाड़ी (क्रमांक MP08 ZK 4756) में भारी मात्रा में डोडाचूरा भरकर पाटई हाईवे की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत ऊमरी-पाटई रोड पहुंची और रणनीतिक नाकाबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद ऊमरी की तरफ से संदिग्ध ट्रेक्स गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस को सामने देखकर चालक ने गाड़ी को अचानक गोपालपुरा के जंगलों की ओर मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक गाड़ी छोड़कर पैदल भागने लगा, लेकिन चौकस पुलिस बल ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम देव सिंह बंजारा (32 वर्ष), निवासी ग्राम मदनाखेड़ी, थाना बापचा, जिला बारां (राजस्थान) बताया।
कुल 106 किलो मादक पदार्थ जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए वाहन की नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके भीतर से 7 प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए, जिनमें कुल 106.460 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस डोडाचूरा की अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये और तस्करी में प्रयुक्त फोर्स ट्रेक्स वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कुल 70 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी उजागर हुए हैं। म्याना थाना पुलिस ने आरोपी देव सिंह बंजारा सहित अन्य फरार साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/26 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सराहनीय भूमिका
इस बड़ी अंतर्राज्यीय कार्रवाई को अंजाम देने में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया, ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बुंदेल सिंह सुनेरिया, प्रधान आरक्षक अशोक गुर्जर, अतुल शर्मा, सतीष जैन, दीपक तोमर, मनोज शर्मा तथा आरक्षक सुनील यादव, जितेन्द्र मिश्रा, रंजीत सिंह, रामकृष्ण जाटव, महिला आरक्षक पूनम रघुवंशी और झागर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अनिल कदम एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)