35.2 टन गैस से भरा टैंकर डिवाइडर पर चढ़ा, ट्रेलर से टक्कर टली; बाल-बाल बचा बड़ा हादसा
भरतपुर में बुधवार दोपहर आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने 35.2 टन गैस से भरा टैंकर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। सिग्नल पर आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने के बाद टैंकर चालक ने टक्कर से बचने के लिए वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया। टैंकर डिवाइडर पर चढ़ गया, लेकिन ट्रेलर से टक्कर होने से बच गई।
टैंकर चालक धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, वह कांडला से गैस लेकर फर्रुखाबाद जा रहा था। केवलादेव के सामने सिग्नल पर अचानक आगे चल रहे ट्रेलर ने ब्रेक लगा दिए। भारी वाहन होने के कारण टैंकर समय पर नहीं रुक सका। सामने ट्रेलर और पीछे अन्य वाहनों को देखते हुए चालक ने टैंकर को दाईं ओर मोड़ दिया।
टैंकर में 35,200 किलोग्राम यानी 35.2 टन गैस भरी थी। ऐसे में टक्कर या टैंकर पलटने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। चालक की सूझबूझ से संभावित दुर्घटना टल गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल ने बताया कि घटना करीब सवा 12 बजे हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को डिवाइडर से हटाकर सड़क किनारे कराया। इसके बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)