कुशीनगर में छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, 12 वर्षीय बालक की मौत के बाद बवाल; पथराव में तीन सिपाही घायल
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कप्तानगंज कस्बे में शुक्रवार को एक निजी इंटर कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान ईंट लगने से 12 वर्षीय करन साहनी की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कॉलेज में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें तीन सिपाही घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 हरिहरनाथ दक्षिण मोहल्ले के रहने वाले प्रिंस साहनी का 11 अगस्त को मथौली कस्बे के एक छात्र से पानी पीने को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार को मथौली निवासी छात्र अपने चचेरे भाई सोनू और कुछ अन्य युवकों के साथ कॉलेज पहुंचा।
दोपहर करीब 12:30 बजे छुट्टी के बाद चकबंदी चौराहे पर दोनों पक्षों के छात्र आमने-सामने आ गए। प्रिंस की ओर से करन समेत मोहल्ले के कुछ अन्य लड़के भी वहां पहुंचे थे। इसी दौरान हुए विवाद में ईंट लगने से करन गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
करन की मौत की सूचना मिलते ही उसके मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, लेकिन भीड़ ने आरोप लगाया कि आरोपियों को कॉलेज में छिपाया गया है। इसके बाद लोगों ने कॉलेज का गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और तोड़फोड़ की। कॉलेज में रखा सामान भी बाहर फेंक दिया गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई और पथराव शुरू हो गया। पथराव में रोशन त्रिपाठी समेत तीन सिपाही घायल हो गए। करन की बहन और मोहल्ले की एक महिला इंदू के भी घायल होने की जानकारी है।
करन की मां रंभावती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र, तीन शिक्षकों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)