बदायूं में गाय से टक्कर के बाद सरकारी डॉक्टर को शराबी समझकर पीटा, मेडिकल रिपोर्ट से पलटा मामला
बदायूं में सड़क हादसे के बाद अफवाह फैलने पर सरकारी डॉक्टर को भीड़ ने घेरकर मारपीट कर दी। डॉक्टर पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया और उनकी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ करते हुए उसे पलटने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस की मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अलापुर थाना क्षेत्र के बीचपुरी गांव के पास हुई। सीएचसी उसावां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल सिद्धार्थ की स्कॉर्पियो की एक घूमंतू गाय से टक्कर हो गई। हादसे में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और गाय का उपचार कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और डॉक्टर पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाने लगे। भीड़ ने डॉक्टर के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ करते हुए उसे पलटने का प्रयास किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मेडिकल जांच में डॉक्टर के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने जानलेवा हमला, मारपीट और तोड़फोड़ समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)