हाईवे पर नियम हुए बेअसर, आमने-सामने भिड़े वाहन, तीन घायल
कछौना, हरदोई। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731) पर बुधवार अपराह्न भीरीघाट गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर ने एक बार फिर हाईवे पर यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरदोई की ओर से कछौना आ रहा एक ई-रिक्शा गलत लेन में चल रहा था। उसी समय कछौना से हरदोई की ओर जा रही मोटरसाइकिल से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में सोनू पुत्र अनीश (18 वर्ष) निवासी पतसेनी, थाना कछौना, अर्जुन (12 वर्ष) निवासी मनसुख पुरवा, थाना बघौली तथा ऋषिपाल पुत्र गुड्डू (30 वर्ष) निवासी मनसुख पुरवा, थाना बघौली गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदोई भेज दिया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन गलत दिशा में वाहन चलाने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्त निगरानी, नियमित चेकिंग और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)