म्याना में सनसनी: बाहर से ताले में बंद घर के भीतर मिला बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

Sunday, June 21, 2026 - 21:56
Updated: 2 months ago
0
म्याना में सनसनी: बाहर से ताले में बंद घर के भीतर मिला बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका

गुना.(आरएनआई) जिला मुख्यालय के समीपवर्ती म्याना इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सूने मकान के भीतर से एक वृद्ध का संदिग्ध शव बरामद हुआ। सनसनीखेज बात यह है कि जिस कमरे में शव मिला, उसके मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला जड़ा हुआ था। इस रहस्यमयी परिस्थिति के कारण पुलिस और परिजन पहली नजर में इसे हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान म्याना निवासी 60 वर्षीय ओम प्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे हेमंत शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह पड़ोसियों को ओम प्रकाश के बंद कमरे से असहनीय दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों और स्थानीय पुलिस को मामले की भनक दी। जब पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़ा गया, तो अंदर का खौफनाक मंजर देख सबकी रूह कांप गई। कमरे के भीतर ओम प्रकाश का शव बेहद खराब हालत में पड़ा हुआ था और वह सड़ने लगा था।

शव की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब तीन से चार दिन पहले हो चुकी थी। हालांकि, शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के कोई स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दिए हैं, जिससे गुत्थी और उलझ गई है। बाहर से ताला बंद होने की वजह से पूरी घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असली सच्चाई और मौत की सटीक वजह शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल म्याना थाना पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User