मजदूरी की कमाई लेकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने लगाए रुपये गायब होने के आरोप
कछौना, हरदोई (आरएनआई) कोतवाली क्षेत्र कछौना के अंतर्गत लखनऊ-पलिया हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो चचेरे भाइयों की जान ले ली। हादसा कछौना कोतवाली क्षेत्र के कटियामऊ के पास हुआ, जहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान बिलग्राम कोतवाली के नन्हूपुरवा (मजरा बिरौरी) निवासी 20 वर्षीय शिशुपाल पुत्र कुंवरपाल और उसके चचेरे भाई 19 वर्षीय शोभित पुत्र प्रमोद के रूप में हुई है। दोनों भाई संडीला इंडस्ट्रियल स्टेट की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे। शनिवार रात वे फैक्ट्री से अपनी मेहनत की कमाई लेकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कटियामऊ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। इस दुखद घटना के बीच परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिशुपाल के पिता ने बताया कि फैक्ट्री से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को शिशुपाल को 8,500 रुपये और शोभित को 10,500 रुपये का भुगतान किया गया था। परिजनों का दावा है कि हादसे के बाद शिशुपाल की जेबें पूरी तरह खाली मिलीं, जबकि शोभित की जेब से मात्र 400 रुपये बरामद हुए। परिजनों ने आशंका जताई है कि हादसे के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पैसे गायब कर दिए हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव नन्हूपुरवा में कोहराम मच गया। शिशुपाल के परिवार में पांच भाई और एक बहन हैं, जबकि शोभित के परिवार में तीन भाई और छह बहनें हैं। दोनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)