बाबतपुर एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो सुरक्षा कर्मी घायल
वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट पर तैनात दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके ट्रैवलिंग बैग में गलती से लाइसेंसी पिस्टल रह गई थी।
सुरक्षा जांच के दौरान बैग में पिस्टल मिलने के बाद सुरक्षाकर्मी उसकी जांच कर रहे थे और कारतूस की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली लगने से गया जिले की निवासी सुरक्षा सहायक सुमन कुमारी घायल हो गईं। वहीं नालंदा जिले के निवासी सुरक्षा सहायक रोहित राज के हाथ में भी गोली लगी।
घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी अलर्ट कर दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)