पीएम मोदी के इस्राइल दौरे पर कांग्रेस का तीखा हमला, जयराम रमेश बोले—“यह नैतिक कायरता”

Wednesday, February 25, 2026 - 13:17
0
पीएम मोदी के इस्राइल दौरे पर कांग्रेस का तीखा हमला, जयराम रमेश बोले—“यह नैतिक कायरता”

नई दिल्ली (आरएनआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित इस्राइल दौरे को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बुधवार को दौरे से पहले प्रधानमंत्री पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे “नैतिक कायरता” करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब पूरी दुनिया इस्राइल के प्रधानमंत्री की आलोचना कर रही है, भारत के प्रधानमंत्री का यह रुख सवाल खड़े करता है।

सोशल मीडिया मंच X पर साझा पोस्ट में जयराम रमेश ने भारत की पारंपरिक फिलिस्तीन-समर्थक नीति की याद दिलाई। उन्होंने उल्लेख किया कि 20 मई 1960 को पंडित जवाहरलाल नेहरू गाजा गए थे और वहां संयुक्त राष्ट्र की भारतीय टुकड़ी से मिले थे। साथ ही उन्होंने यह भी याद कराया कि 29 नवंबर 1981 को भारत ने फिलिस्तीन के समर्थन में एक विशेष डाक टिकट जारी किया था और 18 नवंबर 1988 को फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता दी गई थी। रमेश ने लिखा कि “वह एक अलग दौर था”, जबकि आज भारतीय प्रधानमंत्री खुले तौर पर इस्राइल के प्रधानमंत्री को गले लगाते नजर आते हैं।

रमेश ने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि गाजा को मलबे में बदल दिया गया है और अवैध बस्तियों के विस्तार की साजिशें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि जब वैश्विक स्तर पर नेतन्याहू की आलोचना हो रही है, तब प्रधानमंत्री मोदी का यह रुख नैतिक साहस की कमी को दर्शाता है।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी प्रधानमंत्री से अपील की थी कि जब वे इस्राइल की संसद नेसेट में संबोधन दें, तो गाजा संघर्ष का उल्लेख जरूर करें। प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री गाजा में मारे गए हजारों निर्दोष लोगों के लिए न्याय की मांग करेंगे और भारत की शांति व सत्य की परंपरा को सामने रखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 फरवरी को इस्राइल के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नेतन्याहू से होगी और द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। दोनों देशों के बीच विज्ञान, तकनीक, रक्षा, सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा प्रस्तावित है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान इस्राइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि यह प्रधानमंत्री मोदी का दूसरा इस्राइल दौरा होगा। इससे पहले 2017 में वे इस्राइल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। इस बार के दौरे को लेकर जहां सरकार इसे द्विपक्षीय साझेदारी के लिए अहम बता रही है, वहीं विपक्ष इसे नैतिक और मानवीय मूल्यों के संदर्भ में सवालों के घेरे में रख रहा है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User