मथुरा पहुंचे सांसद पप्पू यादव, द्वारकाधीश के किए दर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन पहुंचे बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर आस्था व्यक्त की। उन्होंने द्वारकाधीश मंदिर में पूजा-अर्चना की और यमुना नदी के विश्राम घाट पर दूध से अभिषेक किया। इसके अलावा उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
मथुरा प्रवास के दौरान सांसद पप्पू यादव ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईरान-इजरायल के बीच जारी संघर्ष को मानवता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि जो लोग खुद को “विश्व गुरु” और “56 इंच का सीना” कहते हैं, वे इस संकट पर खामोश क्यों हैं। इस बयान के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा।

उन्होंने देश के आर्थिक हालात को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति कमजोर होती जा रही है, जबकि सरकार इस पर स्पष्ट जवाब नहीं दे रही। बेरोजगारी, महंगाई और शेयर बाजार की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आम जनता कई तरह की परेशानियों से जूझ रही है। रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि लोगों को सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
नोटबंदी के फैसले की आलोचना करते हुए पप्पू यादव ने इसे आम जनता के लिए कष्टदायक बताया। साथ ही किसानों की स्थिति, स्मार्ट मीटर और अन्य नीतियों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए।
धार्मिक यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की नगरी में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति मिली है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि देश और दुनिया में संकट से जूझ रहे लोगों की रक्षा हो। साथ ही उन्होंने यमुना नदी की सफाई का मुद्दा संसद में उठाने की बात कही और इसे सुधारने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)