पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराने की तैयारी, अंतिम फैसला दिल्ली में बैठक के बाद
कोलकाता (आरएनआई): पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए इस बार मतदान दो चरणों में कराने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इसके संकेत दिए। उनका कहना है कि चुनाव की तारीखों और चरणों पर अंतिम मुहर नई दिल्ली में होने वाली अगली बैठक के बाद लगाई जाएगी।
कोलकाता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में राज्य के ज्यादातर राजनीतिक दलों ने अपनी राय रखी। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर लगभग सभी दलों ने चुनाव एक या दो चरणों में कराने की मांग की। कई दलों का मानना है कि कम चरणों में मतदान कराने से चुनाव प्रक्रिया जल्दी और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सकती है।
चुनाव आयोग का मानना है कि दो चरणों में मतदान कराने से चुनावी हिंसा पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। इससे गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों को एक इलाके से दूसरे इलाके में जाकर माहौल बिगाड़ने का मौका नहीं मिलेगा। सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोग को इसी तरह के सुझाव दिए हैं।
जब अधिकारी से पूछा गया कि क्या पूरे राज्य में एक ही चरण में मतदान संभव है, तो उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2024 में महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर एक ही दिन में मतदान कराया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एक चरण में चुनाव होने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनाव आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोग को भरोसा दिलाया है कि मतदान से पहले, मतदान के दौरान और परिणाम आने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाएगी, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)