मैनपुरी के सीओ की मूंछों पर अखिलेश का तंज, बोले- ‘मूंछें छोटी थीं’; भाजपा पर भी साधा निशाना
लखनऊ। मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह के वायरल वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे सीओ के उस वीडियो को लेकर सवाल किया गया, जिसमें वह मूंछों पर ताव देते हुए अखिलेश यादव को बताने की बात कहते नजर आए थे। इस पर अखिलेश यादव ने कहा, “उसकी मूंछें छोटी थीं।”
वीडियो वायरल होने के बाद सीओ अशोक सिंह ने सफाई दी थी कि उनके वीडियो को क्रॉप करके प्रसारित किया गया है। उन्होंने कहा था कि वीडियो का पूरा संदर्भ सामने नहीं आने के कारण उसका अलग अर्थ निकाला जा रहा है।
छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का अभियान
अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी और छात्रों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने के लिए समाजवादी छात्र सभा के छात्र जागरूकता अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कॉलेज परिसरों में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे और उन्हें समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच अलग और नई होती है। ऐसे में नई सोच और नई विचारधारा के साथ छात्रों के बीच पहुंचना जरूरी है। अखिलेश ने कहा कि कैंपस में छात्रों से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।
‘पीडीए’ को प्रेम, दया और अपनापन से जोड़ा
अखिलेश यादव ने पीडीए को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को साथ लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ केवल राजनीतिक समीकरण नहीं है, बल्कि इसमें प्रेम, दया और अपनापन भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि पीडीए के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। अखिलेश ने दावा किया कि इस प्रयास में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर लोगों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)