देहरादून में कांग्रेस की बैठक, कुमारी सैलजा बोलीं- भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद करें आवाज
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करे।
उन्होंने सभी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को जल्द अपनी कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशभर में व्यापक दौरा कर संगठन को मजबूत करने और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी सक्रियता जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को मजबूती से जनता की आवाज बनना होगा। उनके अनुसार भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग प्रभावित हैं।
कुमारी सैलजा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रभारियों से अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा संगठन को एकजुट कर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के लिए काम करने की अपील की।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक तरीके से विरोध करते हुए जनता की आवाज बनना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)