ओपनएआई का बड़ा दावा: एआई ने सुलझाई गणित की सबसे कठिन समस्याओं में से एक, नेवियर-स्टोक्स पर पेश किया समाधान

Saturday, September 12, 2026 - 00:06
0
ओपनएआई का बड़ा दावा: एआई ने सुलझाई गणित की सबसे कठिन समस्याओं में से एक, नेवियर-स्टोक्स पर पेश किया समाधान

नई दिल्ली। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र से गणित को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। ओपनएआई ने कहा है कि उसके एक आंतरिक एआई तंत्र ने नेवियर-स्टोक्स अस्तित्व एवं सुगमता समस्या का समाधान तैयार किया है। यह गणित की सात मिलेनियम पुरस्कार समस्याओं में शामिल है और इसके समाधान के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार निर्धारित है। हालांकि, इस दावे को अभी गणितीय समुदाय की औपचारिक स्वीकृति मिलना बाकी है। 

नेवियर-स्टोक्स समीकरण तरल पदार्थों की गति को समझने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इनका उपयोग विमान डिजाइन, मौसम पूर्वानुमान और रक्त प्रवाह जैसे क्षेत्रों में भी होता है। करीब 90 वर्षों से गणितज्ञों के सामने यह सवाल बना हुआ था कि क्या इन समीकरणों के तहत तीन आयामी तरल प्रवाह एक सीमित समय में ऐसी स्थिति में पहुंच सकता है, जहां उसका वेग अनंत की ओर बढ़ जाए और समीकरणों का सुचारु समाधान टूट जाए।

ओपनएआई के मुताबिक उसके एआई तंत्र ने एक विश्लेषणात्मक प्रमाण तैयार किया है, जिसमें दिखाया गया है कि शुरुआत में सुचारु अवस्था में मौजूद तरल प्रवाह सीमित समय में ऐसी विशिष्ट स्थिति तक पहुंच सकता है। कंपनी ने इसके साथ प्रमाण का औपचारिक रूपांतरण ‘लीन’ नामक गणितीय सत्यापन प्रणाली में भी उपलब्ध कराया है। ओपनएआई का कहना है कि उसका आंतरिक तंत्र इस समस्या पर काम करने वाले कई एआई एजेंटों के समन्वित प्रयास से समाधान तक पहुंचा। 

कंपनी के अनुसार, प्रारंभिक चरण में करीब 100 एआई एजेंटों ने लगभग 50 घंटे तक काम किया। इसके बाद नेवियर-स्टोक्स समस्या पर संसाधन बढ़ाए गए और विभिन्न समूहों को अलग-अलग गणितीय दृष्टिकोण तलाशने के लिए लगाया गया। ओपनएआई के मुताबिक एजेंटों कोड चलाने और इंटरनेट के संग्रहित संस्करण से जानकारी पढ़ने जैसे उपकरणों का भी इस्तेमाल कर सकते थे। समाधान सामने आने के बाद औपचारिक सत्यापन में अतिरिक्त समय लगाया गया। 

हालांकि, इसे अभी अंतिम रूप से मिलेनियम पुरस्कार जीतने वाला समाधान नहीं माना जा रहा है। नेचर ने भी रिपोर्ट किया है कि विशेषज्ञों के बीच इस दावे और इसकी प्रस्तुति को लेकर चर्चा जारी है। किसी भी बड़े गणितीय दावे की तरह इसके प्रमाण की स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच और पुष्टि जरूरी होगी।

खास बात यह है कि ओपनएआई ने खुद कहा है कि वह इस परिणाम के आधार पर मिलेनियम पुरस्कार का दावा नहीं कर रही है। कंपनी ने इसे एआई की गणितीय क्षमता में महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में पेश किया है, जबकि अंतिम वैज्ञानिक मान्यता के लिए गणितीय समुदाय की स्वतंत्र समीक्षा अभी बाकी है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User