जम्मू-कश्मीर: हाईवे विस्तार के लिए सतवारी में चला बुलडोजर, 13 और दुकानें ध्वस्त; दुकानदारों ने मांगा पुनर्वास

Friday, September 11, 2026 - 23:58
0
जम्मू-कश्मीर: हाईवे विस्तार के लिए सतवारी में चला बुलडोजर, 13 और दुकानें ध्वस्त; दुकानदारों ने मांगा पुनर्वास

जम्मू। जम्मू शहर में हाईवे विस्तार के लिए प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सतवारी-नई बस्ती इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन ने 13 और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

सतवारी इलाके में गुरुवार को करीब 20 दुकानों को हटाया गया था, जबकि शुक्रवार को 13 और दुकानें ध्वस्त की गईं। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित दुकानदारों और अन्य कब्जाधारियों को पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें दो दिन पहले भी दुकानें खाली कर सामान हटाने के लिए कहा गया था। इससे पहले बुधवार को संबंधित दुकानों की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई थी।

कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन पर मनमाने तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। दुकानदार सुरेश कुमार ने कहा कि इस कार्रवाई से व्यापारिक समुदाय को भारी नुकसान हुआ है और कई लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है। वहीं, दुकानदार अरमिंदर सिंह ने कहा कि कई परिवारों की आजीविका इन दुकानों पर निर्भर थी। उन्होंने उपराज्यपाल और सरकार से प्रभावित दुकानदारों को न्याय दिलाने तथा तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था करने की अपील की।

दुकानदारों का कहना है कि केवल दुकानें हटाकर वैकल्पिक स्थान के आवंटन पत्र देना उनकी तत्काल समस्या का समाधान नहीं है। जब तक उन्हें वास्तव में वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक परिवारों की आय का जरिया प्रभावित रहेगा। अरमिंदर सिंह ने दावा किया कि उनकी दुकान करीब 50 से 60 साल पुरानी थी और उसके निर्माण से संबंधित नगरपालिका के दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, दुकानों को हटाने की कार्रवाई जम्मू शहर में चल रहे बुनियादी ढांचे और हाईवे विस्तार परियोजना का हिस्सा है। वहीं, प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और उनकी आजीविका को ध्यान में रखते हुए उचित पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User