उत्तराखंड: पूर्व सीएम हरीश रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के घर ईडी का छापा, 32 लाख नकद, सोना और लग्जरी घड़ियां जब्त

Saturday, September 12, 2026 - 00:00
0
उत्तराखंड: पूर्व सीएम हरीश रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के घर ईडी का छापा, 32 लाख नकद, सोना और लग्जरी घड़ियां जब्त

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा-2016 में कथित धांधली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के निजी सहायक रहे चंदन सिंह जीना के घर समेत कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जीना के घर से 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, 200 ग्राम से अधिक सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद होने की बात सामने आई है।

ईडी के अनुसार, जीना और उनके परिवार के बैंक खातों में मौजूद करीब 52 लाख रुपये की राशि को भी फ्रीज किया गया है। जब्त नकदी, सोने, घड़ियों और फ्रीज की गई राशि समेत संबंधित संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये आंकी गई है। ईडी ने चंदन सिंह जीना का मोबाइल फोन भी फोरेंसिक जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।

चंदन सिंह जीना पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में निजी सहायक के रूप में काम कर चुके हैं। वह वर्ष 2014 से 2017 तक मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी के पद पर भी रहे थे। ईडी की कार्रवाई परीक्षा धांधली से जुड़े पुराने मामले की जांच के क्रम में की गई है।

वीपीडीओ परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं की जांच की शुरुआत विजिलेंस ने की थी। बाद में वर्ष 2023 में मामले की जांच विशेष कार्यबल को सौंप दी गई। विशेष कार्यबल ने जांच के दौरान आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और परीक्षा नियंत्रक को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की।

इसी जांच के तहत ईडी ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष आरबीएसएस रावत, सचिव आरएस कन्याल, परीक्षा नियंत्रक आरएस पोखरिया और परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी से जुड़े अधिकारियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली। जांच एजेंसी का फोकस कथित परीक्षा धांधली से अर्जित धन और उससे जुड़ी संपत्तियों के लेनदेन की पड़ताल पर है।

ईडी की कार्रवाई के बाद मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, तलाशी के दौरान बरामद संपत्ति और धन के स्रोत को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User