नेपाल में फिर कांपी धरती, तिब्बत तक महसूस हुए भूकंप के झटके; 5.0 रही तीव्रता
काठमांडू। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास मंगलवार को 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 143 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके तिब्बत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। फिलहाल भूकंप से किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की तत्काल सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारी संभावित नुकसान की जानकारी जुटा रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले 3 सितंबर को भी तिब्बत में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था। दोपहर करीब 1:46 बजे आए इस भूकंप की गहराई लगभग 14 किलोमीटर बताई गई थी। इसके झटके नेपाल, तिब्बत के अलावा भारत के उत्तराखंड में भी महसूस किए गए थे। बताया गया था कि इसका केंद्र उत्तराखंड के जोशीमठ से करीब 116 किलोमीटर दूर था।
बाढ़ की त्रासदी से पहले ही जूझ रहा क्षेत्र
तिब्बत और नेपाल पहले से ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं। 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने के बाद तिब्बत के चीन सीमा से जुड़े इलाकों में भीषण बाढ़ आई थी। इस आपदा से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। पड़ोसी नेपाल में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में बाढ़ से अब तक 1,358 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5,326 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)