सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर गंभीर आरोप, सीएम के निर्देश पर निलंबन; ऑफिस सील, एफआईआर दर्ज

Friday, August 21, 2026 - 18:11
Updated: 1 day ago
0
सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर गंभीर आरोप, सीएम के निर्देश पर निलंबन; ऑफिस सील, एफआईआर दर्ज

गुना/कटनी/भोपाल। कटनी में पदस्थ और अब निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ पद के दुरुपयोग, जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने, धोखाधड़ी और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोपों के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद नेहा पच्चीसिया को निलंबित कर दिया गया है और उनका कार्यालय भी सील किया गया है।

मामले में आरोप है कि हत्या के मामले में आरोपी आकाश लोधी को जमानत दिलाने के बदले उसके परिवार से बड़ी रकम की मांग की गई और दबाव बनाकर जमीन कम कीमत पर अपने करीबियों के नाम कराई गई। शिकायत के अनुसार, करीब 82.86 लाख रुपये की सरकारी गाइडलाइन मूल्य वाली 2.15 हेक्टेयर जमीन कथित तौर पर महज 18.20 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराई गई।

जांच के दौरान बैंक खातों और दस्तावेजों की पड़ताल में जमीन की खरीद से जुड़े वित्तीय लेन-देन भी सामने आए। जांच अधिकारी एएसपी अनु बेनीवाल की रिपोर्ट के आधार पर नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ कुठला थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

इससे पहले एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने भी सीएसपी पर वाहनों को रेत और डोलोमाइट परिवहन की अनुमति देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। हालांकि बाद में शिकायतकर्ता ने शिकायत वापस ले ली थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User