मिर्जापुर: द मूवी ने पहले ही दिन मचाया तहलका, 24.75 करोड़ की कमाई के साथ 2026 की टॉप-4 हिंदी ओपनिंग में बनाई जगह
पंकज त्रिपाठी, अली फजल और रवि किशन स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों का उत्साह पहले दिन की कमाई में भी नजर आया। फिल्म ने भारत में करीब 24.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर 2026 की सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग वाली फिल्मों की सूची में चौथा स्थान हासिल कर लिया है।
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की लोकप्रियता के चलते फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त चर्चा थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने कुल 11,135 शोज के साथ करीब 42.81 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी लगभग 25 प्रतिशत रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, दर्शकों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ। रात के शो तक ऑक्यूपेंसी करीब 62 प्रतिशत पहुंच गई।
फिल्म के हिंदी वर्जन ने करीब 24.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि तेलुगु वर्जन से लगभग 15 लाख रुपये की कमाई हुई। इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 24.75 करोड़ रुपये रहा। वहीं, फिल्म का अनुमानित ग्रॉस कलेक्शन 29.70 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी सीबीएफसी की ओर से ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है।
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने इमरान हाशमी की ‘अवॉरापन 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘अवॉरापन 2’ ने रिलीज के दौरान हिंदी बॉक्स ऑफिस पर करीब 22 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। हालांकि, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ करीब 30 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने वाली ‘बॉर्डर 2’ से पीछे रह गई।
2026 की सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग की बात करें तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ करीब 99 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद ‘टॉक्सिक’ करीब 55 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ दूसरे और ‘बॉर्डर 2’ करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, 24.75 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ ‘मिर्जापुर: द मूवी’ चौथे नंबर पर पहुंच गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)