दिल्ली-एनसीआर में मीठी ईद की धूम, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

Saturday, March 21, 2026 - 12:38
0
दिल्ली-एनसीआर में मीठी ईद की धूम, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली से लेकर नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद तक ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह होते ही हजारों नमाजियों ने मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की और इसके बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

दिल्ली की जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और हजरत निजामुद्दीन दरगाह समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर नमाज के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर इन इलाकों में ड्रोन और एआई-आधारित निगरानी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और फ्लैग मार्च भी किया गया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

ईद से पहले ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। चांदनी चौक, जामा मस्जिद और ओखला जैसे इलाकों में देर रात तक खरीदारी का दौर चलता रहा। लोग सेवइयां, नए कपड़े, इत्र, टोपी, कुर्ता और मिठाइयों की खरीदारी करते नजर आए। बच्चों में नए कपड़ों और जूतों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं कारोबारियों के लिए भी यह सीजन लाभदायक रहा।

ईद के मौके पर कई प्रमुख हस्तियां भी नमाज अदा करने पहुंचीं। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी और सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी मस्जिदों में नमाज अदा कर देशवासियों को बधाई दी और देश की तरक्की व आपसी सौहार्द की कामना की।

ईद-उल-फितर केवल जश्न का पर्व नहीं, बल्कि भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। इस दिन लोग फितरा और जकात देकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं, ताकि समाज का हर वर्ग इस खुशी में शामिल हो सके। नमाज के बाद गले मिलकर लोग आपसी दूरियां मिटाते हैं और मोहब्बत का पैगाम देते हैं।

इस्लामी कैलेंडर के अनुसार, ईद-उल-फितर शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनाई जाती है, जिसकी घोषणा चांद दिखने के बाद की जाती है। इसी परंपरा के अनुसार इस बार भी चांद के दीदार के बाद देशभर में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User