गुना के वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े लूट, चाकू की नोंक पर महिला से चेन छीनी

Tuesday, March 17, 2026 - 17:42
Updated: 5 months ago
0
गुना के वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े लूट, चाकू की नोंक पर महिला से चेन छीनी

गुना (आरएनआई) शहर का सबसे सुरक्षित और वीआईपी माना जाने वाला ऑफिसर्स कॉलोनी क्षेत्र मंगलवार सुबह थर्रा उठा। जहां जिले के कलेक्टर, एसपी और न्यायाधीशों के निवास हैं, वहां से महज चंद कदमों की दूरी पर दो बेखौफ बदमाशों ने एक महिला पर चाकू तानकर सोने की चेन लूट ली। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिसिंग और सुरक्षा दावों की कलई खोलकर रख दी है।

गुना के ऑफिसर्स कॉलोनी में महिला से लूट

चाकू की नोंक पर चेन लूट

मिली जानकारी के अनुसार, लूसन की बगीचा निवासी सीमा यादव प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे शारदा पब्लिक स्कूल के पास ऑफिसर्स कॉलोनी रोड पर टहलने निकली थीं। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। घात लगाकर बैठे एक बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर सीमा के गले से सोने की चेन खींच ली।

साहसी महिला ने किया कड़ा संघर्ष

लूट का अहसास होते ही महिला ने घबराने के बजाय अदम्य साहस का परिचय दिया और दोनों बदमाशों से भिड़ गईं। महिला ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की और काफी देर तक उनके बीच हाथापाई होती रही। दूसरा बदमाश बाइक भी चालू नहीं कर पा रहा था, ऐसे में खुद को घिरता देख बदमाश लगातार चाकू से प्रहार करने की कोशिश करता रहा। बाद में चाकू की नोंक पर महिला को पीछे धकेलते हुए फरार हो गए।

सुरक्षित क्षेत्र में भी सुरक्षित नहीं बहनें

पीड़िता के भाई सुनील यादव ने इस घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब सुबह की सैर के लिए निकली बहनें जिले के सबसे हाई-प्रोफाइल इलाके में भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम गलियों का क्या हाल होगा? उन्होंने बताया कि बदमाशों ने न केवल चेन लूटी, बल्कि उनकी बहन की जान लेने की कोशिश भी की।

पुलिस की सुस्ती और जनता का गुस्सा

घटना के बाद गुना कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा कर रही है। हालांकि, कलेक्ट्रेट, एसपी और जजों के बंगले के इतने करीब हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म क्यों हो गया है? कैंट पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User