बेटियां लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें, मोबाइल से रहें दूर : सीपी रघुवंशी
“बेटियां खूब आगे बढ़ें और देश का मान बढ़ाएं। जीवन में अपना लक्ष्य तय करें तथा शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन से उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें।” यह बात प्रसिद्ध समाजसेवी एवं राजलक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के सीपी रघुवंशी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा भारती बालिका छात्रावास में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

उन्होंने छात्र छात्राओं को जीवन में अच्छे-बुरे का अंतर समझने की सीख देते हुए कहा कि बिजली उजाला करती है, लेकिन उसका करंट नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसी प्रकार मोबाइल का सही उपयोग उपयोगी हो सकता है, लेकिन विद्यार्थी जीवन में इससे दूरी बनाए रखना ही बेहतर है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने अध्ययन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।

रघुवंशी ने कहा कि समाज के सहयोग से और समाज के ही कल्याण के लिए सेवा भारती द्वारा संचालित छात्रावास एक सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस कार्य में सहयोग करेंगे और अन्य लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ। मंचासीन अतिथियों का परिचय समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र अहिरवार ने कराया। समिति के अध्यक्ष डॉ. भूपेन्द्र धाकरे ने स्वागत भाषण दिया, जबकि समिति की सह सचिव डॉ. नीरू शर्मा ने अपने उद्बोधन में छात्राओं और सहयोगियों का प्रोत्साहन किया।

इसके पश्चात छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं आत्मरक्षा से जुड़े आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पिरामिड, एकल नृत्य, समूहगान एवं दंड संचालन की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि सीपी रघुवंशी को स्मृति चिन्ह समिति सदस्य महेश रघुवंशी ने प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव आशीष शिंदे ने किया, जबकि आभार कोषाध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में छात्रावास के पालक सदस्य जीके अग्रवाल, मनोहर लाल शर्मा, एलएन साहू सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बालक एवं बालिका छात्रावास के बच्चे तथा अधीक्षिका भी मौजूद थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)