48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा, गिरफ्तारी देने सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग थाने पहुंचे राजेंद्र राणा
हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा बुधवार को 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद स्वयं गिरफ्तारी देने सुजानपुर पुलिस थाने पहुंच गए। उनके साथ भाजपा मंडल सुजानपुर और बमसन के सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि हमीरपुर में कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस संबंध में शिकायत देने के बावजूद 48 घंटे बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
राणा ने कहा कि अगर सरकार से सवाल पूछना गुनाह है तो वह खुद गिरफ्तारी देने के लिए थाने पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत मिलने के कुछ घंटों में एफआईआर दर्ज हो जाती है, लेकिन प्रधानमंत्री से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हिमाचल में दो अलग-अलग कानून चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और जनहित के मुद्दे उठाना है। भाजपा कार्यकर्ता राजनीतिक मामलों से डरने वाले नहीं हैं। राणा ने पुलिस से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
थाने के घेराव के बाद भाजपा नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर करीब ढाई महीने से लंबित बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव जल्द कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि चुनाव लंबित होने से पंचायतीराज संस्थाओं का काम प्रभावित हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)