शिक्षामित्रों को मिला सम्मान और बढ़ा मानदेय, हरदोई में उत्साहपूर्ण आयोजन

May 5, 2026 - 17:11
May 5, 2026 - 17:11
 0  243
शिक्षामित्रों को मिला सम्मान और बढ़ा मानदेय, हरदोई में उत्साहपूर्ण आयोजन

हरदोई (आरएनआई) प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों की मानदेय वृद्धि (₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह) के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यस्तरीय भव्य सम्मान समारोह का जनपद हरदोई में भी उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गम्भीर नाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केन्द्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसका सजीव प्रसारण हरदोई के रसखान प्रेक्षागृह में किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’, नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’, जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रियंका सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी एवं वरिष्ठ पत्रकार अभय शंकर गौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उच्च प्राथमिक विद्यालय ककरालीखेड़ा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को श्रद्धा और उत्साह से भर दिया। इसके पश्चात चयनित शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने ‘स्कूल चलो अभियान’ की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जनसहभागिता से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह ने शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए ऑपरेशन कायाकल्प एवं निपुण भारत अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि श्रीमती प्रेमावती ने शिक्षामित्रों के योगदान को सराहते हुए उनके संघर्ष और समर्पण को नमन किया। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने शिक्षामित्रों को शिक्षा व्यवस्था की मजबूत आधारशिला बताते हुए सरकार के इस निर्णय को सराहनीय कदम बताया।

अंत में खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। राष्ट्रगान एवं जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)