घोष की गूंज और अनुशासन का संगम: RSS के भव्य पथ संचलन से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा गुना

Sunday, May 10, 2026 - 22:41
Updated: 3 months ago
0
घोष की गूंज और अनुशासन का संगम: RSS के भव्य पथ संचलन से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा गुना

गुना(आरएनआई) गुना नगर की सड़कों पर रविवार को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन शक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पूर्ण गणवेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों का कदमताल जब घोष की मधुर ध्वनियों के साथ आगे बढ़ा, तो पूरा वातावरण राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत हो उठा। मध्यभारत प्रांत के घोष वर्ग में साधनारत स्वयंसेवकों द्वारा निकाले गए भव्य पथ संचलन ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और प्रत्येक मार्ग पर देशभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मध्यभारत प्रांत स्तरीय घोष वर्ग 1 मई से 15 मई तक गुना में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ग में मध्यभारत प्रांत के विभिन्न जिलों से आए स्वयंसेवक घोष प्रशिक्षण की साधना कर रहे हैं। घोष संघ की एक विशेष संगीत विधा है, जिसके माध्यम से अनुशासन, सामूहिकता, समरसता एवं राष्ट्रभाव का विकास होता है। वर्ग में स्वयंसेवक बंसी, तुर्य एवं आनक जैसे घोष वाद्यों का नियमित अभ्यास कर रहे हैं।

रविवार को आयोजित पथ संचलन गुरुदेव पब्लिक स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ प्रसिद्ध सिद्ध स्थल भगवान श्री हनुमान टेकरी पहुँचा। संचलन के दौरान घोष वाद्यों की सुमधुर तान, स्वयंसेवकों की एकरूपता एवं अनुशासित कदमताल ने नगरवासियों को विशेष रूप से प्रभावित किया। मार्ग में अनेक स्थानों पर नागरिकों ने खड़े होकर संचलन का स्वागत किया तथा घोष की ध्वनियों का आनंद लिया।

संचलन में स्वयंसेवकों की सजगता, अनुशासन एवं सामूहिक समन्वय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। घोष की गूँज के साथ जब स्वयंसेवकों के कदम एक लय में आगे बढ़ते दिखाई दिए, तब वातावरण में राष्ट्रभक्ति का भाव स्पष्ट रूप से अनुभव किया गया। नगर के अनेक नागरिकों एवं युवाओं ने इस दृश्य को उत्साहपूर्वक देखा और इसकी सराहना की।

संघ के घोष वर्ग का उद्देश्य केवल वाद्य प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों में अनुशासन, समर्पण, संगठन क्षमता एवं राष्ट्र के प्रति अखंड निष्ठा का संस्कार विकसित करना भी है। घोष की ध्वनियाँ भारतीय सांस्कृतिक चेतना एवं संगठनात्मक ऊर्जा की प्रतीक मानी जाती हैं, जो समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करती हैं।

प्रांतीय घोष वर्ग का प्रकट कार्यक्रम एवं समापन समारोह 15 मई को सायं 5:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें घोष का सामूहिक प्रदर्शन एवं विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजजनों एवं संघ के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User