सरकार के नौ वर्ष पूर्ण: स्वास्थ्य विभाग का ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम, महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर

Sunday, March 22, 2026 - 19:55
Updated: 5 months ago
0
सरकार के नौ वर्ष पूर्ण: स्वास्थ्य विभाग का ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम, महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर

हरदोई (आरएनआई) उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा और सुशासन के नौ गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद हरदोई के गांधी भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया | कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी एवं पूरे जनपद के सुदूर ग्रामों से आई आशा बहनों, आशा संगिनी एवं ए०एन०एम० बहनों ने प्रतिभाग किया | इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया गया | 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक (डी०आर०डी०ए०) अशोक कुमार मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने महिला सशक्तिकरण हेतु स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया है | जनपद में लगभग 13 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गये हैं उसमें से करीब 7 लाख कार्ड मातृ शक्ति के बनाए गये हैं | इस योजना में पांच लाख तक की निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ किसी भी सरकारी एवं इमपैनल्ड गैर सरकारी चिकित्सा संस्थान से प्राप्त की जा सकती हैं | सरकार ने कानून व्यवस्था पर बेहतरीन काम किया है, कोई भी महिला आधी रात में भी बेखौफ घर से बाहर निकल सकती है और अपना आवश्यक कार्य कर सकती है | 

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के मुखिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० भवनाथ पाण्डेय ने उपस्थित आशाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आशाएं स्वयं में महिला सशक्तिकरण की रोल माडल हैं | आशाओं ने विगत वर्षों में विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग करते हुए तमाम बीमारियों जैसे- पोलियो, नियोनेटल टिटनेस जैसी बीमारियों पर विजय प्राप्त करते हुए, वर्तमान में माननीय प्रधानमन्त्री जी की महत्वाकांक्षी योजना टीबी मुक्त भारत के तहत जिले की 161 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कराया है और अब हम पूरे देश को टीबी मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है | कोरोना जोकि असुर रक्तबीज की तरह देश में फ़ैल रहा था उस समय हमारी महिला चिकित्सकों, आशा बहनों, ए०एन०एम० बहनों ने शक्ति स्वरुपा बन कर देश और समाज की रक्षा की | आशाओं के माध्यम से हमने लगभग 90 प्रतिशत से अधिक प्रसव संस्थागत रूप में करायें हैं | आशा बहनें संबल के रूप में ग्रामीण महिलाओं को आसरा देती हैं जब कोई भी उनकी नहीं सुनता, परिवार भी नहीं तब आशाएं उन्हें चिकित्सालय तक लाती हैं और आवश्यक सेवाएँ प्राप्त करवाती हैं | बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से महिलाओं के बचाव हेतु एच०पी०वी० वैक्सीनेशन स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क लगाना प्रारम्भ किया है | जिला महिला चिकित्सालय में प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 09 बजे से 02 बजे तक 14 वर्ष से 15 वर्ष के मध्य की बच्चियों को टीकाकरण किया जा रहा है | शीघ्र ही सभी सामु० स्वा० केन्द्रों पर भी यह वैक्सीन उपलब्ध होगी | 

इस अवसर पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० पंकज मिश्रा, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सुरेन्द्र कुमार, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० हेमन्त राजपूत ने भी स्वास्थ्य विभाग में चलाई जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों के ऊपर प्रकाश डाला | इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में सुरसा, टडियावा के अधीक्षक तथा आयुष्मान समन्वयक विवेक मिश्रा, डीसीपीएम शिव कुमार सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी इन्द्र भूषण सिंह उपस्थित रहे |

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User