ब्राह्मण महासभा ने एसपी कार्यालय पर दिया ज्ञापन, आयुर्वेदिक फैक्ट्री प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

Saturday, April 11, 2026 - 10:21
Updated: 4 months ago
0
ब्राह्मण महासभा ने एसपी कार्यालय पर दिया ज्ञापन, आयुर्वेदिक फैक्ट्री प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

हाथरस (आरएनआई) ब्राह्मण महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए एक आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री में हुई घटना को झूठा बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही इस मामले में फैक्ट्री मालकिन द्वारा चौथ मांगने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।महासभा की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि ब्राह्मण समाज के हर्ष शर्मा वर्ष 2016 से 2025 तक निवेदिता मोहता की फर्म ‘मोहता आयुर्वेदिक भवन प्रा. लि.’ में कार्यरत रहे। उन्हें वेतन के अलावा मार्केटिंग बिक्री पर 3 से 5 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था। आरोप है कि 1 अप्रैल 2025 से 8 जून 2025 तक करीब एक करोड़ रुपये की बिक्री पर उनका लगभग 4 से 5 लाख रुपये कमीशन बनता है।ज्ञापन में बताया गया कि हर्ष शर्मा ने जून 2025 से कई बार अपने बकाया कमीशन के भुगतान के लिए संपर्क किया, लेकिन फर्म मालकिन निवेदिता मोहता द्वारा लगातार टालमटोल किया गया। हाल ही में हर्ष शर्मा अपने भाई योगेंद्र शर्मा (ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री) के साथ प्रतिष्ठान पर पहुंचे, जहां उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और वे वापस लौट आए।महासभा का आरोप है कि इसके बाद निवेदिता मोहता ने चार लोगों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मोहता पहले भी कई लोगों के खिलाफ इस तरह की शिकायतें दर्ज करा चुकी हैं। इसमें आकाश नामक व्यक्ति का भी उल्लेख किया गया, जो पूर्व में मोहता रसायनशाला में कार्यरत थे और जिनका भी भुगतान लंबित बताया गया है। महासभा का आरोप है कि आकाश को भी झूठे मामले में फंसाया गया है।ब्राह्मण महासभा ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए प्रतिष्ठान पर मौजूद रहने के दौरान के लगभग 20 मिनट के सीसीटीवी फुटेज निकलवाने की भी मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस दौरान ब्राह्मण समाज के कई लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User