पार्वती नदी का कहर: बहे कैंटर के साथ चालक, तीन दिन बाद मिला शव
पार्वती नदी के पानी की रफ्तार ने कैंटर को भी बहा दिया। कैंटर के साथ जो चालक डूब गया था, उसका शव तीसरे दिन मिला है।
आगरा (आरएनआई) पार्वती नदी में आई बाढ़ के दौरान आगरा से मनिया जा रहा कैंटर शुक्रवार की सुबह बह गया था। कैंटर सवार तीन लोग डूब गए थे, जिनमें से एक को लोगों ने बचा लिया था। डूबे एक व्यक्ति का शव शनिवार को मिला था। तीसरे दिन रविवार को घटनास्थल से करीब 25 किमी दूर राजाखेड़ा स्थित पार्वती नदी में चालक राकेश का शव का मिला है। डूबी हुई कैंटर भी मिल गई है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह ताजगंज, आगरा के गोबर चौकी निवासी राकेश, मुकेश, रवि और बमरौली कटारा निवासी मुकेश कैंटर में बैठ कर मनिया राजस्थान से कबाड़ का माल लोड करने जा रहे थे। पार्वती नदी के कुसैंडा के पास बने रपट पर पानी बह रहा था।
इस पर मुकेश निवासी बमरौली कटारा कैंटर से उतर गया। अन्य तीनों युवक कैंटर समेत नदी पार करने लगे। नदी के तेज बहाव के कारण कैंटर नदी में बह गई और पानी में समा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने डूबते रवि को बचा लिया। अन्य दो लोग कैंटर के साथ नदी में लापता हो गए।
शनिवार को रेस्क्यू टीम को डूबे हुए मुकेश का शव नदी में झाड़ियों में फंसा हुआ मिला था। तीसरे दिन चालक राकेश का शव भी मिल गया। थानाध्यक्ष मनिया ने बताया कि रविवार की दोपहर 2 बजे कैंटर मिली थी, जिसका शीशा टूटा हुआ था। चालक राकेश उसमें से बाहर निकल गया था। उसका शव शाम 6 बजे घटनास्थल से करीब 25 किमी दूर राजाखेड़ा स्थित पार्वती नदी में मिला।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



