'एक पुलिस, एक संकल्प' अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगी हिसार पुलिस: एसपी सिद्धांत जैन
हिसार (आरएनआई) हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा शुरू किए गए "एक पुलिस, एक संकल्प – नशा मुक्त हरियाणा" अभियान को सफल बनाने के लिए हिसार पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही हरियाणा को पूर्णतः नशा मुक्त बनाया जा सकता है।
एसपी श्री सिद्धांत जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए संदेश के अनुरूप हिसार पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशे से बचाने, नशा पीड़ितों का उपचार कराने तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने का कार्य लगातार कर रही है। जिले में नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति को नशे की लत है तो उसे उपचार के लिए प्रेरित करें और यदि कहीं नशा तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने कहा कि हिसार पुलिस मुख्यमंत्री के "एक पुलिस, एक संकल्प – नशा मुक्त हरियाणा" अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ-साथ नशा पीड़ितों के पुनर्वास और उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं एवं युवा क्लबों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। "एक पुलिस, एक संकल्प" तभी सफल होगा जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशे के खिलाफ जागरूक होकर आगे आएगा और मिलकर नशा मुक्त हिसार, नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)