पंजाब: शरबत फैक्ट्री पर छापा, चीनी की जगह केमिकल से तैयार हो रहा था पेय; मालिक-कर्मचारी फरार
फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर शहर के पास गांव रखड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक शरबत बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री का मालिक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में चीनी की जगह कथित तौर पर केमिकल का इस्तेमाल कर शरबत तैयार किया जा रहा था।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने बताया कि टीम जब फैक्ट्री पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया। किसी तरह दरवाजा खुलवाने के बाद जब टीम ने अंदर जांच की तो वहां शरबत तैयार किया जा रहा था, लेकिन फैक्ट्री में चीनी की एक भी बोरी नहीं मिली।
फूड इंस्पेक्टर के मुताबिक, मौके पर ऐसे कई स्टिकर भी मिले, जिन पर लाइसेंस नंबर दर्ज नहीं था और वे किसी दूसरी कंपनी के नाम से जुड़े हुए थे। इसके अलावा फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
अधिकारी ने कहा कि केमिकल के इस्तेमाल से तैयार किया गया ऐसा शरबत लोगों की सेहत के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने इसे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बताया।
मालिक के सामने आने के बाद लिए जाएंगे सैंपल
फैक्ट्री मालिक के मौके से फरार होने के कारण फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सैंपल नहीं ले सकी है। अधिकारी के अनुसार, मालिक के सामने आने के बाद नियमानुसार सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
फिलहाल विभाग की ओर से फैक्ट्री को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। गांव के सरपंच ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पंचायत की ओर से फैक्ट्री को बंद करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)