उत्तराखंड: ‘शुद्धिकरण’ मामले को लेकर कल कांग्रेस का सीएम आवास कूच, सैलजा कुमारी देहरादून पहुंचीं
देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित तौर पर मंच के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस ने अब इस मामले के विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी रविवार को देहरादून पहुंचीं, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनका स्वागत किया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार इस मामले में दोषियों को संरक्षण दे रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि घटना के 26 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से अनुसूचित जाति के लोगों के उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मैदान का कथित ‘शुद्धिकरण’ अनुसूचित जाति और गरीब वर्ग के लोगों का अपमान है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच के जरिए पार्टी इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाएगी। प्रदेश प्रभारी सैलजा कुमारी के देहरादून पहुंचने के बाद पार्टी ने आंदोलन की तैयारियों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की। कांग्रेस का कहना है कि वह इस मुद्दे को लेकर सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)