उत्तर भारत में बारिश का कहर, हिमाचल में हवा में लटका 50 मीटर रेलवे ट्रैक; जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सड़कें बंद

Monday, August 31, 2026 - 11:20
0
उत्तर भारत में बारिश का कहर, हिमाचल में हवा में लटका 50 मीटर रेलवे ट्रैक; जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सड़कें बंद

नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश के साथ भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं से कई मार्ग बाधित हुए हैं। हिमाचल प्रदेश में कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह जाने से करीब 50 मीटर लंबा हिस्सा हवा में लटक गया है। सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण कालका-शिमला रेल मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा। ट्रैक के नीचे की जमीन बह जाने से रेल पटरी का एक हिस्सा हवा में झूलता नजर आया। अधिकारियों के मुताबिक ट्रैक की मरम्मत पूरी होने तक रेल सेवाएं बहाल नहीं की जाएंगी।

सोलन के रामशहर क्षेत्र में भी बारिश के कारण रामशहर-स्वारघाट मार्ग पर गुनाहकलां के पास पहाड़ी से बड़े पत्थर और भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। वहीं मंडी जिले में भारी बारिश के कारण 24 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 17 सड़कें सराज क्षेत्र में प्रभावित हुई हैं।

उत्तराखंड में भी बारिश और भूस्खलन से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। मसूरी और नैनीताल में पहाड़ियां दरकने की घटनाएं सामने आईं, जबकि टिहरी और चमोली में भूस्खलन के कारण कई रास्ते प्रभावित हुए। देहरादून में एक सड़क के बहने की भी सूचना है। राज्य में दो राज्यमार्ग समेत करीब 78 मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

जम्मू-कश्मीर में भी कई इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। सांबा-मानसर मार्ग और कठुआ जिले में बनी-बसोहली सड़क पर करडोह के पास मलबा आने से यातायात बाधित रहा। कठुआ में पिछले 24 घंटों के दौरान 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी रही।

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में भी लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5 सितंबर तक बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User