शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो, मानव तस्करी रोकने थानों की टीमें सक्रिय करें

Tuesday, September 29, 2026 - 22:38
Updated: 1 day ago
0
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो, मानव तस्करी रोकने थानों की टीमें सक्रिय करें

शिवपुरी। महिलाओं की शिकायतें सुनने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं और न्याय का लाभ दिलाना भी जरूरी है। सोमवार को शिवपुरी में महिला आयोग की जनसुनवाई के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अधिकारियों को महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कुल 50 प्रकरण सुने गए। इनमें पहले से चल रहे 10 मामलों का निराकरण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि 40 नए प्रकरणों पर कार्रवाई की जा रही है।

रहाटकर ने बताया कि नए मामलों में घरेलू विवाद, मारपीट और महिलाओं को प्रताड़ित करने से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं। दो मामलों में सरकारी कर्मचारी पतियों पर अपनी पत्नियों को परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। इनमें एक मामला पुलिसकर्मी और दूसरा शिक्षक से संबंधित है। बड़ी संख्या में महिलाएं राशन कार्ड और आयुष्मान योजना से जुड़ी समस्याएं लेकर भी जनसुनवाई में पहुंचीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि महिलाओं की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उन्हें पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ मामलों का जल्द निराकरण किया जाए।

महिला आयोग के कामकाज के दुरुपयोग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कभी-कभार किसी मामले में महिला की ओर से भी अनुचित इस्तेमाल की आशंका सामने आ सकती है, लेकिन ऐसी घटनाएं अपवाद हैं। एक-दो मामलों के आधार पर सभी महिलाओं को एक नजर से नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं न्याय की उम्मीद लेकर आयोग के सामने अपनी बात रखती हैं और आयोग का उद्देश्य उनके लिए न्याय तक पहुंच का रास्ता आसान करना है।

महिला अपराध और सुरक्षा को लेकर रहाटकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सम्मान देने की परंपरा रही है। आज बेटियों को शिक्षा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। हालांकि समाज में मौजूद बुरी मानसिकता को रोकना भी जरूरी है। महिलाओं को प्रताड़ित करने और उनके अधिकारों को दबाने वाली सोच के खिलाफ समाज और प्रशासन, दोनों को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

सहरिया आदिवासी महिलाओं और बच्चियों की कथित खरीद-फरोख्त तथा मानव तस्करी के प्रयासों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुए हैं और आयोग ने शिकायतों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही महिलाओं और बच्चियों को प्रताड़ित करने या तस्करी के प्रयास में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा प्रत्येक थाने में गठित टीमों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।

शिवपुरी में यौनकर्मियों के बच्चों और बेटियों को शोषण से बचाने तथा शिक्षा के माध्यम से उनके उत्थान के लिए आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए रहाटकर ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकें। अवैध शराब की समस्या से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय का संज्ञान लेकर संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव और सदस्य श्रीमती साधना स्थापक भी उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User