साइबर ठगी की राशि पर तत्काल होल्ड, गुना पुलिस ने 28,872 रुपये पीड़ितों को लौटाए
गुना पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं उप पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज असित यादव द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही तथा NCRP पोर्टल की MRM प्रक्रिया के माध्यम से साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के संबंध में निरंतर निर्देश दिए जा रहे हैं । निर्देशों के तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ साइबर ठगी के पीड़ितों को आर्थिक राहत दिलाने के लिए लगातार प्रभावी एवं तकनीकी कार्यवाहियां की जा रही हैं।
जिले के विभिन्न आवेदकों द्वारा उनके साथ हुई साइबर ठगी के संबंध में शिकायतें प्रस्तुत की गई थीं । साइबर सेल द्वारा प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए NCRP पोर्टल की MRM प्रक्रिया के माध्यम से ठगी की रकम जिन-जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी, उन खातों पर तत्काल होल्ड लगवाने की कार्यवाही की गई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत आवेदक दीपा रघुवंशी, शुभम जैन, नीलम कुमार एवं ओमप्रकाश कोरी की साइबर ठगी की कुल 28,872/-(अट्ठाईस हजार आठ सौ बहत्तर रुपये) की राशि वापस कराई गई ।
गुना पुलिस द्वारा NCRP पोर्टल पर प्राप्त साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने तथा पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
पुलिस की इस तकनीकी एवं त्वरित कार्यवाही से साइबर ठगी के पीड़ितों को आर्थिक राहत मिल रही है । गुना पुलिस द्वारा साइबर ठगी के अन्य प्रकरणों में भी राशि वापस कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ।
गुना पुलिस की जिलेवासियों से अपील है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं । साथ ही संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचित करें । ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत साइबर ठगी की राशि को होल्ड कराने एवं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से वापस दिलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।
इस कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी, महिला आरक्षक पूजा गुप्ता सहित साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)