हाथरस में बैंक कार्मिकों ने काला बैज लगाकर जताया विरोध, 28 से 30 सितंबर की हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प

Tuesday, September 22, 2026 - 17:42
Updated: 10 hours ago
0
हाथरस में बैंक कार्मिकों ने काला बैज लगाकर जताया विरोध, 28 से 30 सितंबर की हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प

हाथरस, 22 सितंबर 2026 यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में आज उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय –हाथरस के समक्ष क्षेत्रीय कार्यालय, शाखा अलीगढ़ रोड–हाथरस तथा सेवा शाखा–हाथरस के कार्मिकों ने काला बैज धारण कर प्रदर्शन किया और सभी बैंक की शाखाओं में यह बैज धारण कर कार्मिकों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, Performance Linked Incentive (PLI) में भेदभाव समाप्त कर समान एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने तथा बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई ।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है । इस आंदोलन में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का विषय बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए लंबे समय से लंबित है। UFBU के अनुसार 12वें द्विपक्षीय समझौते एवं 9वें संयुक्त नोट के अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार तक कार्य दिवसों में आवश्यक अतिरिक्त कार्य समय समायोजित करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा गया था, लेकिन इस पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है । बैंक कार्मिकों ने PLI की व्यवस्था में समानता एवं पारदर्शिता की भी मांग की । UFBU द्वारा इस बात पर आपत्ति व्यक्त की गई है कि संशोधित व्यवस्था में कर्मचारियों एवं विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों के बीच प्रोत्साहन के आधार में अंतर है तथा संगठन बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़े समान आधार वाली व्यवस्था की मांग कर रहा है । बैंक कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग व्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है और बैंक कर्मचारी निरंतर ग्राहकों तथा बैंकिंग व्यवस्था को अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं । ऐसे में कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित लंबित विषयों का न्यायसंगत एवं शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों ने आगामी 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 की तीन दिवसीय हड़ताल को पूर्ण एकजुटता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया । UFBU की घोषित आंदोलन की समय -सारिणी में इन तीन दिनों की हड़ताल के बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान भी शामिल है, यदि मांगों का समाधान नहीं होता । प्रदर्शन के दौरान कार्मिकों ने “पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करो”, “PLI में समानता सुनिश्चित करो”, “बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता एवं संघर्ष के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की । बैंक के कार्मिकों ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया कि संगठन के आह्वान पर वे आगामी आंदोलन में पूरी निष्ठा, एकजुटता और अनुशासन के साथ सहभागी होंगे ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User