दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डाला; ईंट-डंडों से पीटा, नाबालिग हिरासत में
दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर मिर्च पाउडर और ईंट-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। इलाके में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने वैध दस्तावेज नहीं होने पर एक बाइक जब्त कर थाने में जमा करा दी।
करीब साढ़े तीन बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का विरोध करने पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू के साथ भी मारपीट की गई।
हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े बताए गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)